ये फायदे बताते हैं कि सेब के छिलके बेकार नहीं

ये फायदे बताते हैं कि सेब के छिलके बेकार नहीं

सेहतराग टीम

फल और सब्जी खाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। इसलिए तो एक्सपर्ट रोजाना हरी सब्जी और फल खाने की सलाह देते हैं। वैसे तो सभी फल फायदेमंद होते हैं, लेकिन सेब सेहत के लिए काफी लाभकारी होते है। कोई भी बीमारी हो तो डॉक्टर सेब खाने की सलाह देते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि सेब के साथ-साथ अगर हम सेब के छिलके का सेवन करें तो वो हमारे लिए काफी फायदेमंद होता है। क्योंकि सेब के छिलके में विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, ऐसे में अगर सेब को छील दिया जाए तो उसके फल में मौजूद पोषक तत्वों की मात्रा भी कम हो जाती है, खासकर फाइबर की मात्रा। इसलिए बेहतर है कि आप छिलका सहित ही सेब का सेवन करें। आइए जानते हैं सेब के छिलके हमारी सेहत के लिए किस तरह से फायदेमंद हैं और ये किन बीमारियों से हमें बचा सकते हैं।

पढ़ें-  तेजी से वजन कम करने में मदद करते हैं ये ड्राई फ्रूट्स, ऐसे करना है उपयोग

सेब के छिलके के फायदे (Health Benefits of Apple Peel in Hindi):

  • सेब का छिलका हृदय रोग के खतरे को भी कम करता है। दरअसल, इसमें कई प्रकार के एंटी-ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो शरीर में पॉलीअनसैचुरेटेड फैट के ऑक्सीकरण की प्रक्रिया को रोकते हैं। इन्हीं फैट्स के ऑक्सीकरण की वजह से हृदय रोग का खतरा बढ़ता है। अगर सेब को छिलके के साथ खाया जाए तो उससे हृदय स्वस्थ रहता है। 
  • सेब का छिलका रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाने में सहायक है। दरअसल, इसमें विटामिन-सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो इम्यूनिटी के साथ-साथ रोगों से लड़ने की क्षमता को भी बढ़ाता है। इसलिए बेहतर है कि आप छिलका सहित ही सेब खाएं। 
  • सेब के छिलके वजन घटाने में मददगार हो सकते हैं। दरअसल, इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है और कई अध्ययनों में यह साबित हो चुका है कि फाइबर का सेवन करने से लंबे समय तक भूख नहीं लगती है, आपका पेट भरा हुआ महसूस होता है। ऐसे में आप ज्यादा खाना नहीं खाएंगे और जाहिर है कि आप कम खाएंगे तो उससे वजन घटाने में मदद मिलेगी।
  • सेब का छिलका टाइप-2 डायबिटीज के खतरे से भी बचाता है। दरअसल, इसमें पाया जाने वाला फ्लैवनॉयड्स टाइप-2 डायबिटीज की बीमारी से बचाने में मदद करता है। एक अध्ययन के मुताबिक, जो महिलाएं रोजाना एक सेब छिलका सहित खाती हैं, उसमें इस बीमारी का खतरा काफी कम हो जाता है।

इसे भी पढ़ें-

सर्दियों में रोजाना करें इन चीजों का सेवन, बड़े-बड़े रोगों से बचे रहेंगे

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।